कांग्रेस ने US सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत किया
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस पार्टी ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वैश्विक टैरिफ शासन को रद्द करने के फैसले का जोरदार स्वागत किया है. पार्टी ने इस निर्णय को अमेरिकी लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और वहां की नियंत्रण एवं संतुलन प्रणाली की जीत करार दिया है.
शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से ट्रंप द्वारा आपातकालीन शक्तियों के तहत लगाए गए शुल्कों को असंवैधानिक घोषित कर दिया.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने लिखा कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट को ट्रंप की पूरी टैरिफ रणनीति को खारिज करने के लिए सलाम!
रमेश ने इस बात पर आश्चर्य भी जताया कि कोर्ट की वर्तमान वैचारिक संरचना के बावजूद इतना बड़ा फैसला आया, जो अमेरिकी संस्थानिक शक्ति को दर्शाता है.
अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि अमेरिकी संविधान के तहत कर या टैरिफ लगाने का वास्तविक अधिकार वहां की संसद (कांग्रेस) के पास है, न कि राष्ट्रपति के पास.
जयराम रमेश ने इस 6-3 के फैसले को निर्णायक बताते हुए कहा कि यह साबित करता है कि अमेरिका में आज भी व्यवस्था सही ढंग से काम कर रही है. कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को वैश्विक व्यापार और संवैधानिक मर्यादाओं के लिहाज से एक महत्वपूर्ण मोड़ माना है.