अंतरिम ट्रेड डील पर कांग्रेस का तंज- अबकी बार ट्रंप से हार
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस पार्टी ने रविवार, 22 फरवरी 2026 को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अमेरिका के साथ हाल ही में हुए अंतरिम व्यापार समझौते की कड़ी आलोचना की है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस समझौते को भारतीय हितों के खिलाफ बताते हुए इसे "अबकी बार ट्रंप से हार" करार दिया.
उन्होंने मांग की है कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वैश्विक टैरिफ को असंवैधानिक घोषित करने के बाद पैदा हुई भारी अनिश्चितता और भ्रम को देखते हुए, इस पूरे समझौते को तत्काल "ठंडे बस्ते" में डाल देना चाहिए.
रमेश ने तर्क दिया कि जब अमेरिकी अदालत ने ट्रंप के टैरिफ अधिकारों को ही अवैध ठहरा दिया है, तो भारत को भी इस ढांचे के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को बदलने और समझौते की शर्तों पर फिर से बातचीत करने का पूरा अधिकार है.
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह समझौता पूरी तरह से एकतरफा है, जिसमें भारत ने केवल 'दिया' है और बदले में कुछ 'पाया' नहीं है. जयराम रमेश ने कहा कि इस समझौते के तहत भारत ने अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क कम करने या पूरी तरह समाप्त करने की जो प्रतिबद्धता जताई है, उसका सीधा और विनाशकारी प्रभाव देश के करोड़ों किसानों पर पड़ेगा.
उन्होंने चेतावनी दी कि मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों के सोयाबीन, मक्का, कपास, फल और मेवे उगाने वाले किसान इस आयात उदारीकरण के कारण संकट में आ जाएंगे.
रमेश ने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को दिसंबर से ही पता था कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला ट्रंप के खिलाफ जा सकता है, तो इतनी जल्दबाजी में यह समझौता क्यों किया गया?
पार्टी ने इस घोषणा के समय पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह संसद में राहुल गांधी द्वारा बाहरी सुरक्षा और सरकार की विफलताओं पर किए गए हमलों से ध्यान भटकाने और हेडलाइन मैनेज करने की एक कोशिश थी. जयराम रमेश ने रूसी तेल की खरीद और रणनीतिक स्वायत्तता के मुद्दे पर सरकार के विरोधाभासी बयानों पर भी स्पष्टता मांगी है.
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस 24 फरवरी को भोपाल में पहली 'किसान महाचौपाल' आयोजित करेगी, जिसके बाद महाराष्ट्र और श्रीगंगानगर में भी कार्यक्रम होंगे. पार्टी का स्पष्ट उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिस तरह 2021 में सरकार को तीन कृषि कानून वापस लेने पड़े थे, उसी तरह इस किसान-विरोधी व्यापार समझौते को भी वापस लिया जाए या फिर से बातचीत की जाए.