ईसाईयों पर बढ़ते हमलों पर सरकार की 'चुप्पी' पर कांग्रेस के सवाल
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस महासचिव और केरल से सांसद केसी वेणुगोपाल ने देश के विभिन्न हिस्सों में ईसाई समुदाय के खिलाफ बढ़ती हिंसा की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि इस वर्ष क्रिसमस का उल्लास कई राज्यों, विशेषकर भाजपा शासित प्रदेशों में 'खौफ और हिंसा' के साये में बीत गया.
प्रधानमंत्री को संबोधित अपने पत्र में उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर सरकार की चुप्पी नफरत फैलाने वाले तत्वों का मनोबल बढ़ा रही है. उन्होंने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली और केरल में हुई विशिष्ट घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे प्रार्थना सभाओं, बच्चों के कैरल समूहों और यहां तक कि दिव्यांग बच्चों के कार्यक्रमों में भी बाधा डाली गई.
वेणुगोपाल ने छत्तीसगढ़ के रायपुर और कांकेर में हुई तोड़फोड़ और हिंसा का जिक्र करते हुए पूछा कि जब राज्य अपने नागरिकों को भीड़तंत्र के हवाले कर देता है, तो 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा कैसे सार्थक हो सकता है?
उन्होंने इन हमलों को सुनियोजित बताते हुए कहा कि दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा अल्पसंख्यकों को अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है.
आगामी नव वर्ष के जश्न को देखते हुए उन्होंने सरकार से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नागरिकों के धार्मिक स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार की रक्षा के लिए तत्काल और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.
(File Photo)