संसद में कांग्रेस लेबर कोड की विरोधी, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार उसे लागू करने में अग्रणी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाए गए चार 'श्रम कोड' (Labour Codes) को लेकर देश की राजनीति में एक बड़ा विरोधाभास सामने आया है. एक तरफ जहां संसद के भीतर कांग्रेस पार्टी इन कानूनों को 'मजदूर विरोधी' और 'कॉर्पोरेट-परस्त' बताकर पुरजोर विरोध कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक की कांग्रेस सरकार इन विवादित कानूनों को लागू करने की दिशा में सबसे आगे खड़ी नजर आ रही है. इस दोहरी नीति पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सीटू (CITU) के महासचिव एलामराम करीम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर कड़ा एतराज जताया है.
यह स्थिति कांग्रेस के लिए असहज करने वाली है, क्योंकि केंद्र में उनके सांसद इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जबकि कर्नाटक में उनकी अपनी सरकार ने इन श्रम संहिताओं के कार्यान्वयन के लिए ड्राफ्ट नियमों को अधिसूचित (Notify) कर दिया है. इसे कांग्रेस की कथनी और करनी के बीच का बड़ा अंतर माना जा रहा है. करीम ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि जब खुद कई भाजपा शासित राज्यों ने भी अभी तक इन नियमों को लागू करने में जल्दबाजी नहीं दिखाई है, तब कर्नाटक की कांग्रेस सरकार का यह कदम आश्चर्यजनक और "विश्वासघात" जैसा है.
गुरूवार को 12 फरवरी 2026 को देश के 10 केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने मिलकर एक ऐतिहासिक राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया है. दिलचस्प बात यह है कि इस हड़ताल में कांग्रेस का अपना मजदूर संगठन इंटक (INTUC) भी कंधे से कंधा मिलाकर शामिल है. हड़ताल की मुख्य मांग ही इन चार श्रम संहिताओं को रद्द करना है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिस कानून के खिलाफ कांग्रेस का श्रमिक संगठन सड़कों पर उतर रहा है, उसी कानून को कांग्रेस की राज्य सरकारें लाल कालीन बिछाकर स्वीकार क्यों कर रही हैं?
सीटू महासचिव एलामराम करीम ने खड़गे को लिखे पत्र में केरल की एलडीएफ (LDF) सरकार का उदाहरण दिया, जिसने स्पष्ट स्टैंड लिया है कि वह इन लेबर कोड्स को लागू नहीं करेगी. उन्होंने खड़गे को याद दिलाया कि संसद में कांग्रेस ने इन कानूनों को "बुलडोज" करने के खिलाफ आवाज उठाई थी. पत्र में कहा गया है कि कर्नाटक सरकार का यह निर्णय विपक्षी एकता की भावना को कमजोर करता है और श्रमिक वर्ग के बीच कांग्रेस की साख को नुकसान पहुँचाता है.
सीटू ने कांग्रेस अध्यक्ष से अपील की है कि वे इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें और कर्नाटक सरकार को इन ड्राफ्ट नियमों को तत्काल वापस लेने या फ्रीज करने का निर्देश दें. पत्र में इसे "राजनीतिक निरंतरता, विश्वसनीयता और प्रतिबद्धता की परीक्षा" बताया गया है. अब देखना यह है कि क्या मल्लिकार्जुन खड़गे अपनी ही राज्य सरकार के इस कदम पर रोक लगाकर पार्टी के संसद और सड़क वाले रुख में समानता ला पाते हैं या नहीं.