कांग्रेस ने अमेरिकी ट्रेड डील पर संसद में चर्चा की मांग
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भारत और अमेरिका के बीच हुए हालिया व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'पूर्ण समर्पण' करने का आरोप लगाया है. रमेश ने मंगलवार को मांग की कि मोदी सरकार संसद को भरोसे में ले और यूरोपीय संघ (EU) तथा अमेरिका के साथ हुए दोनों व्यापार समझौतों के मसौदे को सदन के पटल पर रखे ताकि उन पर विस्तृत बहस हो सके.
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई जानकारी से स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री ने पूरी तरह घुटने टेक दिए हैं और यह समझौता 'फादर ऑफ ऑल डील्स' नहीं हो सकता.
कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि एक साल पहले जब पीएम मोदी ट्रंप को दोबारा चुने जाने पर बधाई देने व्हाइट हाउस पहुंचे थे, तब गले मिलने की कूटनीति अपने चरम पर थी, लेकिन 10 मई 2025 को 'ऑपरेशन सिंदूर' पर रोक लगने के बाद से संबंध बिगड़ने लगे.
रमेश ने अमेरिकी कृषि सचिव ब्रुक रॉलिंस के बयान का हवाला देते हुए चिंता जताई कि भारत ने अमेरिका से कृषि आयात का उदारीकरण कर दिया है. उन्होंने तंज कसते हुए 1987 की फिल्म 'मिस्टर इंडिया' के मशहूर संवाद का उपयोग किया और कहा कि इस सौदे से "निश्चित रूप से मोगाम्बो खुश है", लेकिन भारत की स्थिति इससे कमजोर हुई है.