ममता के समर्थन के घंटे भर के भीतर कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी: केसी वेणुगोपाल
नई दिल्ली । डेस्क: नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले पश्चिम बंगाल का राजनीतिक तापमान गरमा गया है. नंदीग्राम सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को पुलिस ने साल 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े पुराने मामलों में गिरफ्तार कर लिया है.
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस कार्रवाई पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने के महज एक घंटे के भीतर ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश में इसी तरह का लोकतंत्र काम कर रहा है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिलन प्रधान के खिलाफ हत्या, दंगा और आपराधिक धमकी से जुड़े चार पुराने मामले दर्ज हैं. उन्हें पूर्व मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर स्थित एक होटल से कांग्रेस नेता सुभाशीष भट्टाचार्य के साथ गिरफ्तार किया गया है.
इस कार्रवाई के बावजूद कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह अपने प्रत्याशी को चुनावी मैदान से पीछे नहीं हटाएगी.
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि उम्मीदवार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी भी दबाव में अपना नामांकन वापस नहीं लेंगे.
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पुलिस मामलों को रफा-दफा करने का लालच देकर उम्मीदवार पर नाम वापस लेने का दबाव बना रही थी. पार्टी ने इस गिरफ्तारी को राष्ट्रीय मुद्दा बनाने का ऐलान करते हुए शनिवार को कोलकाता में एक बड़े विरोध प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया है.