छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 20 नेताओं की वापसी को दी मंजूरी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन को मजबूत करने और निष्कासित नेताओं की वापसी को लेकर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है. अनुशासन समिति की हालिया समीक्षा बैठक के बाद पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए 20 नेताओं का निष्कासन तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया है. संगठन एवं प्रशासन के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी इस आधिकारिक आदेश के बाद इन सभी नेताओं के फिर से मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय होने के मार्ग खुल गए हैं.
गौरतलब है कि हालिया बैठक में कुल 36 नेताओं की पार्टी में वापसी के आवेदनों पर विचार किया गया था, जिनमें से पहली सूची के तहत 20 लोगों को राहत दी गई है. वहीं, अमित जोगी, रेणु जोगी और बृहस्पति सिंह समेत शेष 16 नेताओं की वापसी पर अभी निर्णय होना बाकी है और उनके मामलों पर मंथन जारी है.
इस सूची में राजनांदगांव जिले से सर्वाधिक नेताओं को राहत मिली है, जिनमें सगीर खान, सिद्धार्थ डोंगरे, शशांक डोंगरे, राजेश गुप्ता, जितेश सिमनकर, सकूर चौहान, सुनीता सिन्हा और आशीष सोनकर के नाम शामिल हैं.
इसके अलावा गरियाबंद जिले से गोरेलाल सिन्हा, राधोवा महाड़िक, भविष्य प्रधान, ऋतिक सिन्हा व भानुप्रताप साहू को वापस लिया गया है.
रायपुर से आनंद कुकरेजा, पूनम पांडेय और विशाल रजानी, मुंगेली से पार्षद विनय चोपड़ा, कोंडागांव से सुशील सोनी तथा अंजू बंजारे और श्यामबती सिन्हा को भी फिर से कांग्रेस परिवार में शामिल किया गया है.
उल्लेखनीय है कि 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान रायपुर उत्तर सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले अजीत कुकरेजा के साथ-साथ उनके पिता आनंद कुकरेजा समेत कई कार्यकर्ताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 6 साल के लिए बाहर कर दिया गया था. अब इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर रणनीतिक बदलावों और वापसी करने वाले नेताओं की भावी भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.