मिर्च निर्यात में कीटनाशकों के बढ़ते अवशेषों पर चिंता
नई दिल्ली । डेस्क: चिली एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ने आंध्र प्रदेश सरकार से निर्यात की जाने वाली मिर्च की खेती में उच्च जोखिम वाले कीटनाशकों के उपयोग पर तुरंत प्रतिबंध लगाने या सीमित करने की मांग की है. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों, विशेष रूप से चीन में, कीटनाशकों के अत्यधिक अवशेष मिलने के कारण भारतीय मिर्च की खेप खारिज हो रही है.
यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वैश्विक बाजार में भारत की स्थिति कमजोर हो सकती है.
राज्य के कृषि और विपणन विभाग को सौंपे गए एक ज्ञापन में एसोसिएशन ने कहा कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक से भेजी जा रही सूखी मिर्च की खेपों को विदेशों में कड़े निरीक्षण, देरी और रिजेक्शन का सामना करना पड़ रहा है.
संस्था के अध्यक्ष वेलागापुडी संबासिवा राव और महासचिव थोटा रामकृष्ण ने एसेफेट, मेथैमिडोफॉस, मोनोक्रोटोफॉस और क्लोरपायरीफॉस जैसे रसायनों को मुख्य रूप से चिंताजनक बताया है. उन्होंने निर्यात के लिए उगाई जाने वाली मिर्च में एसेफेट और मेथैमिडोफॉस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की वकालत की है.
इस संकट से निपटने के लिए निर्यातकों ने इसे "फार्म-टू-एक्सपोर्ट सप्लाई चेन" की समस्या बताते हुए बड़े पैमाने पर सुधारों की मांग की है. उन्होंने मसाला बोर्ड और कृषि विश्वविद्यालयों के सहयोग से एक सुरक्षित उत्पादन प्रोटोकॉल बनाने का सुझाव दिया है.
इसके साथ ही गुंटूर, पलनाडु, प्रकाशम और कुरनूल जैसे प्रमुख मिर्च उत्पादक जिलों में ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने, फसल कटाई से पहले अवशेषों की जांच करने और कीटनाशक विक्रेताओं की सख्त निगरानी करने की अपील की गई है.
निर्यातकों का कहना है कि मिर्च की खेती में 'एकीकृत कीट प्रबंधन' (IPM) और 'अच्छी कृषि पद्धतियों' (GAP) का पालन अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि हर बैच की गुणवत्ता और ट्रैसेबिलिटी सुनिश्चित की जा सके.
दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर गुंटूर कृषि बाजार समिति के अध्यक्ष कुर्रा अप्पा राव ने एक अलग रुख अपनाया है. उन्होंने हाल ही में चीन द्वारा मिर्च के कुछ कंटेनरों को खारिज किए जाने की बात को स्वीकार किया, लेकिन इसे एक बड़ी समस्या मानने से इनकार कर दिया.
उन्होंने कहा कि चीन को होने वाले कुल निर्यात की तुलना में यह रिजेक्शन बेहद मामूली है और अधिकांश किसान तय सीमा के भीतर ही कीटनाशकों का उपयोग कर रहे हैं. अप्पा राव ने आशंका जताई कि कुछ लोग गुंटूर बाजार में मिर्च की कीमतें गिराने और अपना मुनाफा बढ़ाने के लिए इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं.
वहीं, मिर्च निर्यातकों का मानना है कि भले ही अभी रिजेक्शन का स्तर कम हो, लेकिन सरकार को भविष्य के नुकसान से बचने के लिए अभी से कीटनाशक-मुक्त खेती और विश्वस्तरीय टेस्टिंग लैब की सुविधाओं को बढ़ावा देना चाहिए.