कोल्ड ड्रिंक के साथ घर पहुंचा कॉकरोच, श्वेता तिवारी ने FDA से की शिकायत
मुंबई । डेस्क: ऑनलाइन शॉपिंग और त्वरित डिलीवरी सेवाओं के इस दौर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है. मशहूर अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने ऑनलाइन कोल्ड ड्रिंक का ऑर्डर दिया था, लेकिन डिलीवरी पैकेट के साथ उनके घर में एक बिन बुलाया ‘मेहमान’ यानी कॉकरोच पहुंच गया.
श्वेता तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इस घटना पर अपनी नाराजगी जताई है. वीडियो में उनके घर में एक छोटा कॉकरोच घूमता हुआ नजर आ रहा है, जिसे अभिनेत्री कैमरे में कैद करने की कोशिश करती दिख रही हैं.
वीडियो में उन्होंने चुटकी लेते हुए और नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ ड्रिंक मंगवाई थी, लेकिन उसके साथ कॉकरोच भी आ गया जो अब पूरे घर में घूम रहा है.
अभिनेत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे को टैग किया है और उनसे इस विषय पर कड़ा संज्ञान लेने की अपील की है.
गौरतलब है कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) खाद्य सुरक्षा और त्वरित-वाणिज्य (Quick-Commerce) डिलीवरी सेवाओं को लेकर काफी सख्त रुख अपना रहा है.
तुकाराम मुंडे के नेतृत्व में कई खाद्य व्यवसायों और ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर स्वच्छता मानकों की अनदेखी को लेकर छापेमारी की गई है. हाल ही में नागपुर के एक होटल में सूप में कॉकरोच मिलने पर उसका लाइसेंस तक रद्द कर दिया गया था.
श्वेता तिवारी का यह वीडियो सामने आने के बाद अब ऑनलाइन डिलीवरी के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और परिवहन में स्वच्छता के मानकों पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. हालांकि, यह कॉकरोच सीधे पैकेट के साथ आया था या किसी अन्य माध्यम से, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.