वकील की गलती की सजा मुवक्किल को नहीं, माफ की 10 साल की देरी- HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने मोटर दुर्घटना मुआवजे से जुड़े एक मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 3558 दिनों (लगभग 10 साल) की लंबी देरी को माफ कर दिया है. अदालत ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में दोहराया है कि वकील की गलती, लापरवाही या निष्क्रियता के कारण किसी भी मुवक्किल या याचिकाकर्ता को दंडित नहीं किया जाना चाहिए.
यह आदेश न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी की एकल पीठ ने 'श्रीमती लालमुनी यादव बनाम पुन्नू लाल उपाध्याय' मामले में दायर एक बहाली (restoration) आवेदन पर सुनवाई करते हुए दिया. कोर्ट ने माना कि याचिकाकर्ता बेहद गरीब और अनपढ़ हैं, जो कानूनी प्रक्रियाओं से पूरी तरह अनजान थे और पूरी तरह से अपने वकील पर निर्भर थे.
क्या था पूरा मामला?
याचिकाकर्ताओं ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 166 के तहत मुआवजे के लिए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था. 30 जून 2016 को अदालत ने एक आदेश जारी कर याचिकाकर्ताओं को मामले में मौजूद कुछ कमियों (defaults) को दूर करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था. हालांकि, तय समय सीमा के भीतर वे कमियां दूर नहीं की जा सकीं, जिसके परिणामस्वरूप मामला खारिज कर दिया गया.
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि उन्होंने निचली अदालत के माध्यम से उच्च न्यायालय के लिए वकील नियुक्त किया था, लेकिन वकील ने उन्हें कभी भी मामले की स्थिति या आदेश के बारे में सूचित नहीं किया. बेहद गरीब और अशिक्षित होने के कारण उन्हें कानूनी औपचारिकताओं की समझ नहीं थी और वे वित्तीय तंगहाली के कारण समय पर सुध नहीं ले पाए. उन्हें इस बात की जानकारी तब मिली जब उन्होंने किसी अन्य वकील से संपर्क किया.
हाईकोर्ट की टिप्पणी और फैसला
मामले की गंभीरता को देखते हुए जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी की पीठ ने कहा कि रिकॉर्ड में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे यह संकेत मिले कि यह देरी जानबूझकर की गई थी या इसके पीछे कोई बदनियति थी.
अदालत ने सर्वोच्च न्यायालय के पुराने फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि न्याय के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने और 'न्याय के व्यापक हित' को ध्यान में रखते हुए इस देरी को माफ करने का पर्याप्त कारण मौजूद है. अदालत ने देरी को माफ करते हुए रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि वे मूल मोटर दुर्घटना दावा मामले (MAC No. 823/2016) को उसके मूल नंबर पर वापस बहाल करें, ताकि याचिकाकर्ताओं को न्याय मिल सके. मामले में याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता पलाश अग्रवाल ने पैरवी की थी.