राजपाल यादव की रिहाई और सलमान की मदद का दावा फर्जी
मुंबई । डेस्क: सोशल मीडिया पर अभिनेता राजपाल यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि चेक बाउंस मामले में उन्हें जमानत मिल गई है. उन्होंने आर्थिक मदद के लिए सलमान खान का शुक्रिया अदा किया है. हालांकि, जांच में यह दावा पूरी तरह गलत पाया गया है.
वायरल हो रहा वीडियो करीब आठ साल पुराना है, जिसका राजपाल यादव के वर्तमान कानूनी मामले से कोई संबंध नहीं है. दरअसल, यह क्लिप 2018 की है जब सलमान खान को काला हिरण मामले में जमानत मिली थी और राजपाल यादव उनके समर्थन में अपनी खुशी जाहिर कर रहे थे.
वर्तमान स्थिति की बात करें तो राजपाल यादव अभी भी तिहाड़ जेल में ही बंद हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने 12 फरवरी को हुई सुनवाई के दौरान उनकी जमानत याचिका पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की. अदालत ने सवाल उठाया कि जब अभिनेता ने पहले ही पैसा उधार लेने की बात स्वीकार की थी और भुगतान का वादा किया था, तो अब सजा पर रोक की मांग किस आधार पर की जा रही है.
कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें भुगतान के लिए करीब 30 अवसर दिए गए थे, लेकिन अनुपालन न होने के कारण ही उन्हें जेल जाना पड़ा.
यह पूरा मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म फ्लॉप होने के बाद वह कर्ज नहीं चुका पाए और उनके द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए.
हालांकि, अभिनेता के वकील ने कोर्ट में दलील दी है कि 5 करोड़ में से 3 करोड़ से अधिक की राशि चुकाई जा चुकी है और वे बाकी रकम भी जमा करने को तैयार हैं. फिलहाल, अदालत ने उन्हें कोई राहत नहीं दी है और मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी को तय की गई है.