E20 फ्यूल से गाड़ी खराब होने का दावा अफवाह, सरकार ने दी सफाई
नई दिल्ली । डेस्क: भारत में इन दिनों इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल यानी E20 फ्यूल को लेकर सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस छिड़ गई है. तेल कंपनियों की एक साल पुरानी एडवाइजरी वायरल होने के बाद वाहन मालिकों, विशेषकर पुराने दोपहिया और चौपहिया वाहनों के चालकों में चिंता का माहौल है.
इस वायरल एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि फ्यूल टैंक में पानी जाने से 'फेज सेपरेशन' (पेट्रोल और इथेनॉल का अलग होना) हो सकता है, जिससे गाड़ी स्टार्ट होने में दिक्कत, झटका लेने और खराब परफॉर्मेंस जैसी समस्याएं आ सकती हैं. इसके साथ ही तेल कंपनियों ने पानी के संपर्क से होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी लेने से भी इनकार किया है.
हालांकि, केंद्र सरकार ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें भ्रामक और मनगढ़ंत बताया है. सरकार का कहना है कि निहित स्वार्थों के चलते सोशल मीडिया पर पुरानी तस्वीरों और वीडियो को शेयर कर बेवजह का डर पैदा किया जा रहा है.
सरकार के मुताबिक, तेल कंपनियों द्वारा सप्लाई किया जा रहा पेट्रोल ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) के मानकों के अनुरूप है और इसमें खुद-ब-खुद फेज सेपरेशन नहीं होता. सरकार ने यह भी दलील दी कि पानी का जाना किसी भी ईंधन के लिए नुकसानदेह है और आधुनिक वाहनों में इससे बचाव के पुख्ता इंतजाम होते हैं.
इस मामले पर ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों का मानना है कि वाहनों में नमी या पानी जाना कोई नई बात नहीं है और कंपनियां सालों से इसका ध्यान रख रही हैं. हालांकि, 2023 से पहले बने पुराने वाहनों के फ्यूल-टैंक सील समय के साथ खराब हो जाते हैं, जिससे उनमें नमी जाने का खतरा थोड़ा बढ़ जाता है.
ऑटो एक्सपर्ट्स ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे मानसून से पहले अपनी गाड़ियों के टैंक की सील की जांच करवाएं और जहां तक संभव हो, टैंक को खाली रखने के बजाय फुल रखें, ताकि नमी के लिए जगह न बचे. वहीं, स्थानीय मैकेनिकों ने व्यावहारिक समाधान के तौर पर पेट्रोल टैंक कवर्स का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है.
एक्सपर्ट्स ने यह भी स्पष्ट किया कि 10 से 15 साल पुरानी कारें भी इस तरह के फ्यूल को झेलने में सक्षम हैं, लेकिन छोटे और कम क्षमता वाले पुराने इंजन (जैसे पुरानी बाइक्स और बजट कारें) इस फ्यूल पर परफॉर्मेंस के मामले में अपनी अधिकतम सीमा पर काम कर रहे हैं.
माइलेज को लेकर उठे सवालों पर ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही इथेनॉल में ऊर्जा की डेंसिटी कम होती है, लेकिन इसका हाई-ऑक्टेन रेट इंजन की थर्मल एफिशिएंसी को बेहतर बनाता है, इसलिए सिर्फ एक पहलू के आधार पर माइलेज कम होने का दावा करना सही नहीं है.
दूसरी ओर, सरकार ने अपने इस कदम का मजबूती से बचाव किया है. सरकार के अनुसार, इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम के जरिए भारत ने कच्चे तेल के आयात को घटाकर 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा बचाई है. इसके साथ ही इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी हुई है और कार्बन उत्सर्जन में कमी आई है.
सरकार ने स्पष्ट किया है कि व्यापक फील्ड ट्रायल्स में पुराने वाहनों पर इसका कोई गंभीर प्रतिकूल असर नहीं देखा गया है, हालांकि कुछ पुरानी गाड़ियों में रबर के पार्ट्स और गास्केट को समय से पहले बदलने की जरूरत पड़ सकती है, जो कि रूटीन सर्विसिंग के दौरान बहुत ही कम खर्च में किया जा सकता है.