बेरोजगारी और शिक्षा सुधार को राष्ट्रीय मुद्दा बनाएगी CJP
छत्रपति संभाजीनगर । संवाददाता: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पार्टी की दो दिवसीय कोर टीम की बैठक के बाद देशव्यापी 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान शुरू करने की घोषणा की है. अगले महीने से शुरू होने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं को समझना है.
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह देश में बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा प्रणाली में सुधार को एक बड़े राष्ट्रीय मुद्दे के रूप में उठाएगी.
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि आज शिक्षा का व्यापारीकरण हो चुका है और यह आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है. CJP इस स्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है.
जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि युवाओं और बेरोजगारों के एकजुट विरोध प्रदर्शनों के कारण ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, जो छात्रों के आंदोलन की एक बड़ी सफलता है.
दीपके ने देश की जनसांख्यिकी का हवाला देते हुए कहा कि भारत की लगभग 60 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और युवा अब अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने से पीछे नहीं हटने वाले हैं.
उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के छात्रों के साथ हालिया संवाद पर तंज कसते हुए कहा कि यह पहल बहुत देर से की गई है, जब छात्रों पर कार्रवाई हो रही थी तब उन्हें आगे आना चाहिए था.
पार्टी की वैचारिक दिशा को स्पष्ट करते हुए CJP प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी बाबासाहेब डॉ. बी.आर. आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों तथा भारत के संविधान के सिद्धांतों पर काम करेगी. इसके साथ ही उन्होंने देश में मीडिया की विश्वसनीयता को पुनः बहाल करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.