5 सितंबर को CJP दिल्ली में निकालेगी विरोध मार्च
नई दिल्ली । डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी ने केंद्र सरकार पर 25 जुलाई को किए गए वादों को पूरा न करने और युवाओं के साथ 'विश्वासघात' करने का आरोप लगाते हुए 5 सितंबर को दिल्ली में एक बड़े विरोध मार्च का आह्वान किया है.
पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घोषणा करते हुए बताया कि यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन इंडिया गेट से शुरू होकर न्यू दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा.
CJP की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद जारी बयान के मुताबिक, इस मार्च की अगुवाई उन नीट (NEET) अभ्यर्थियों के परिजन करेंगे जिन्होंने आत्महत्या की है, साथ ही इसमें 20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई के पीड़ित भी शामिल होंगे.
पार्टी का आरोप है कि 25 जुलाई 2026 को देशव्यापी युवा आंदोलन को सद्भावना में वापस लेने के बावजूद सरकार लगातार टालमटोल का रवैया अपना रही है और तकनीकी बारीकियों के पीछे छुप रही है.
पार्टी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा देश भर में दर्ज FIR की सूची मांगने के बावजूद सरकार ने इस पर स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं जताई और न ही लिखित आश्वासन की प्रक्रिया पूरी की. CJP ने स्पष्ट किया कि युवाओं के धैर्य को कमजोरी न समझा जाए, और पार्टी केंद्र सरकार को उसके वादे 'अक्षरश:' लागू करने के लिए मजबूर करने हेतु दोबारा सड़कों पर उतरने को विवश हुई है.