CJI सूर्यकांत ने खारिज की राहुल-खड़गे की मुलाकात की अर्जी
नई दिल्ली । डेस्क: चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्यकांत ने 'वोट चोरी' मामले को लेकर मुलाकात की मांग कर रहे लोकसभा और राज्यसभा के विपक्ष के नेताओं को मिलने का समय नहीं दिया है. सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीजेआई को पत्र लिखकर सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच मुलाकात का वक्त मांगा था, ताकि वे उन्हें इस मुद्दे पर एक ज्ञापन सौंप सकें.
हालांकि, सीजेआई कार्यालय की ओर से उनका अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया है और इस संबंध में आधिकारिक ईमेल के माध्यम से नेताओं को सूचित कर दिया गया है.
विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया में 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया रोकने और आगामी चुनावों को बैलेट पेपर से कराने की मांग कर रहे हैं.
सीजेआई से मुलाकात का समय न मिलने के बावजूद विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है. कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को "चलो दिल्ली - लोकतंत्र के लिए मार्च" का नाम दिया है, जिसके तहत दोपहर 1:30 बजे से दिल्ली के कनेक्ट प्लेस-बाराखंबा रोड चौराहे पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा शुरू होगा.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए देशवासियों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने बीते दिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए पुलिस बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी नफरत नहीं बल्कि संविधान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरी थी.
राहुल गांधी ने लिखा कि सोमवार को देश के नागरिक बिना किसी दलीय, जातीय, धार्मिक या प्रांतीय भेदभाव के एकसाथ मिलकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर कदम बढ़ाएंगे.
इससे पहले बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर देश में भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि विपक्ष न्यायपालिका से किसी तरह का निर्देश नहीं दे सकता, बल्कि नम्रतापूर्वक केवल अपनी बात और देश की स्थिति सीजेआई के समक्ष रखना चाहता है. गौरतलब है कि शुक्रवार को भी 'इंडिया' ब्लॉक के नेताओं ने संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला था और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई थी.