कोल इंडिया आदिवासी छात्रों के लिये ₹10 Cr देगी
रायपुर । संवाददाता: कोल इंडिया लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ के आदिवासी समुदाय के छात्रों के लिये शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. कंपनी ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी पहल के तहत छत्तीसगढ़ के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिये ₹10 करोड़ की राशि आवंटित की है. यह पहल केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के साथ एक MoU के माध्यम से लागू की जायेगी.
इस परियोजना का उद्देश्य 68 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 28,000 से अधिक आदिवासी छात्रों को लाभ पहुंचाना है. यह पहल शिक्षा में समानता लाने और आदिवासी युवाओं को भविष्य के लिये तैयार करने के लिये डिजिटल उपकरणों, स्वास्थ्य सुविधाओं और उद्यमिता प्रशिक्षण पर केंद्रित है.
क्या है पहल
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा: 3,200 कंप्यूटरों और 300 टैबलेट्स के साथ आधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की जायेंगी, ताकि छात्र डिजिटल साक्षरता हासिल कर सकें.
स्वास्थ्य और स्वच्छता: छात्राओं के लिए 1,200 सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें और 1,200 इन्सिनरेटर स्थापित किये जायेंगे, जिससे मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा.
मेंटरशिप और प्रेरणा: छात्रों के शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास के लिये विशेष मेंटरशिप कार्यक्रम शुरू किये जायेंगे.
उद्यमिता प्रशिक्षण: आईआईटी, आईआईएम और एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आवासीय बूट कैंप आयोजित किये जायेंगे, जहां छात्र उद्यमिता, नवाचार और नेतृत्व कौशल सीखेंगे.
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत समावेशी शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लक्ष्य के अनुरूप है. यह छत्तीसगढ़ के आदिवासी छात्रों को डिजिटल और उद्यमिता कौशल से लैस कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
इस सीएसआर परियोजना का कार्यान्वयन राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त और विकास निगम के माध्यम से किया जयेगा, जो मंत्रालय के तहत एक धारा 8 कंपनी है. नीति के उद्देश्य को कॉर्पोरेट निवेश के साथ जोड़कर, MoTA-CIL साझेदारी का लक्ष्य शिक्षा को समावेश, आत्मनिर्भरता और जनजातीय युवाओं के सामाजिक-आर्थिक उन्नति के लिए एक शक्तिशाली उपकरण बनाना है.