जीएम और फोर्ड जैसे अमेरिकी दिग्गजों की मजबूरी चीन की बैटरी
नई दिल्ली । डेस्क: दुनिया की नंबर एक बैटरी निर्माता कंपनी 'कैटल' (CATL) ने अमेरिका की संरक्षणवादी नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि चीन के बिना इलेक्ट्रिक वाहन (EV) उद्योग का भविष्य संभव नहीं है. CATL के संस्थापक और चीन के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति रॉबिन जेंग ने अमेरिकी बाजार को चेतावनी दी है कि यदि वे चीनी बैटरी दिग्गजों को रोकने की कोशिश करते हैं, तो वे तकनीकी रूप से पिछड़ जाएंगे.
वर्तमान में वैश्विक स्तर पर बिकने वाली हर तीन में से एक इलेक्ट्रिक कार में CATL की बैटरी लगी है, जो इसकी अटूट पकड़ को दर्शाता है.
हालांकि, अमेरिका ने सुरक्षा कारणों और 'आर्थिक दबाव' के डर से CATL को पेंटागन की काली सूची में डाल दिया है, लेकिन इसके बावजूद अमेरिकी ऑटो कंपनियां जैसे फोर्ड, जनरल मोटर्स (GM) और टेस्ला चीनी तकनीक पर निर्भर होने को मजबूर हैं.
फोर्ड मिशिगन में CATL के लाइसेंस वाली तकनीक का उपयोग कर रहा है, तो वहीं जीएम 60 प्रतिशत तक का भारी आयात शुल्क चुकाकर भी चीन से बैटरी मंगा रहा है क्योंकि अमेरिकी संयंत्र सस्ती बैटरी बनाने में विफल रहे हैं.
रॉबिन जेंग का मानना है कि अमेरिका का ध्यान केवल एआई और सॉफ्टवेयर पर है, जबकि बैटरी जैसे महत्वपूर्ण हार्डवेयर उद्योग को वहां नजरअंदाज किया गया.
चीन अब न केवल अपने उत्पाद बल्कि अपनी तकनीक और मानकों को भी वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की ओर बढ़ रहा है, जिससे अमेरिकी ऑटो उद्योग के सामने एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है.