चीन ने 'जवाबी कार्रवाई' के तहत 6 US कंपनियों पर लगाए प्रतिबंध
बीजिंग । डेस्क: चीन ने अमेरिका के छह संस्थानों और कंपनियों पर कड़े प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है. चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह कदम अमेरिका द्वारा 'बंधुआ मजदूरी' (फॉरस्ड लेबर) के नाम पर चीनी कंपनियों पर लगाए गए प्रतिबंधों के जवाब में उठाया गया है. यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है.
मंत्रालय के अनुसार, अमेरिकी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संबंधों के बुनियादी नियमों का गंभीर उल्लंघन करती है. इससे चीन की संप्रभुता, सुरक्षा और विकास के हितों को गहरा नुकसान पहुंचा है.
जिन छह अमेरिकी संस्थाओं पर गाज गिरी है, उनमें 'अप्लाइड डीएनए साइंसेज', 'स्ट्रेटम रिजर्वॉयर', 'अल्ताना टेक्नोलॉजीज', 'रिस्पॉन्सिबल बिजनेस एलायंस', 'वेराइट ग्रुप' और 'ह्यूमन राइट्स इन चाइना' शामिल हैं. इन पर अमेरिका के शिनजियांग से जुड़े 'गैर-कानूनी' प्रतिबंधों में सहयोग देने का आरोप है.
इस नए फैसले के तहत अब चीन में मौजूद किसी भी व्यक्ति या संगठन को इन छह अमेरिकी कंपनियों के साथ किसी भी प्रकार के लेन-देन, व्यापार या व्यावसायिक सहयोग करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है.