चीन ने भारत के खिलाफ खटखटाया WTO का दरवाजा
नई दिल्ली । डेस्क: भारत और चीन के बीच व्यापारिक तनाव एक बार फिर गहरा गया है. चीन ने सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (ICT) उत्पादों पर भारत द्वारा लगाए गए सीमा शुल्क और सौर ऊर्जा सब्सिडी को लेकर विश्व व्यापार संगठन में मामला दर्ज कराया है.
शुक्रवार को चीनी वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि भारत की ये नीतियां अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों का उल्लंघन करती हैं.
चीनी मंत्रालय के अनुसार, भारत द्वारा आईटी उत्पादों पर लगाया गया टैरिफ और घरेलू सौर उद्योग को दी जाने वाली सब्सिडी निम्नलिखित कारणों से विवादास्पद है:
अनुचित लाभ: चीन का दावा है कि ये कदम भारतीय घरेलू उद्योगों को "अनुचित प्रतिस्पर्धात्मक लाभ" प्रदान करते हैं.
चीनी हितों को नुकसान: बीजिंग का तर्क है कि भारत की इन नीतियों से चीनी निर्यातकों के हितों को गंभीर चोट पहुँच रही है.
WTO नियमों का उल्लंघन: चीन ने आरोप लगाया है कि भारत विश्व व्यापार संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफल रहा है.
चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने अपने बयान में कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा, "हम एक बार फिर भारत से आग्रह करते हैं कि वह WTO में अपनी प्रासंगिक प्रतिबद्धताओं का पालन करे और अपनी त्रुटिपूर्ण प्रथाओं को तुरंत सुधारे."
गौरतलब है कि भारत पिछले कुछ वर्षों से 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान के तहत घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए आयातित इलेक्ट्रॉनिक्स पर शुल्क बढ़ा रहा है और सौर ऊर्जा क्षेत्र में स्थानीय उत्पादन के लिए सब्सिडी (PLI योजना आदि) दे रहा है. चीन, जो इन क्षेत्रों में दुनिया का सबसे बड़ा निर्यातक है, भारत के इन कदमों को अपने बाजार के लिए खतरे के रूप में देख रहा है.