चीन: सरकारी खरीद में 46 अमेरिकी कंपनियों पर बैन
बीजिंग । डेस्क: वैश्विक व्यापार और कूटनीतिक तनाव के बीच चीन ने अमेरिका को एक बड़ा झटका दिया है. चीन के वित्त मंत्रालय ने सोमवार को एक आधिकारिक नोटिस जारी करते हुए सरकारी खरीद में 46 नामित अमेरिकी कंपनियों के उत्पादों को खरीदने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है.
इस नए आदेश के लागू होने के बाद, चीन में किसी भी सरकारी खरीद प्रक्रिया में शामिल होने वाली संस्थाएं इन प्रतिबंधित अमेरिकी कंपनियों के प्रोडक्ट्स नहीं खरीद सकेंगी.
ब्लैकलिस्ट की गई इन कंपनियों में अमेरिका की दिग्गज रक्षा कंपनियां 'लॉकहीड मार्टिन कॉरपोरेशन' और 'रेथियॉन मिसाइल्स एंड डिफेंस' भी शामिल हैं.
चीनी वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह सख्त कदम देश के प्रासंगिक कानूनों और नियमों के तहत उठाया गया है.
हालांकि, इस प्रतिबंध से उन अमेरिकी निवेश वाली कंपनियों (U.S.-invested companies) को राहत दी गई है जो वर्तमान में चीन के भीतर ही अपना परिचालन या बिजनेस कर रही हैं, यानी यह नियम उन पर लागू नहीं होगा. मंत्रालय के मुताबिक, यह नया आदेश जारी होने की तारीख से ही प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है.