अधिकारियों के बच्चे भी पढ़ें सरकारी स्कूल में: अभिजीत दीपके
हिंगोली (महाराष्ट्र) । डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध न कराने पर महाराष्ट्र सरकार की कड़े शब्दों में आलोचना की है. उन्होंने माँग की कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि इन विद्यालयों की स्थिति में सुधार आ सके.
मंगलवार को अपने गृह जिले हिंगोली के लिंबाला गाँव में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा अधिकारियों के बच्चे इन स्कूलों में पढ़ेंगे, तो वे अपनी ज़िम्मेदारी को अधिक गंभीरता से निभाएंगे और व्यवस्था में रातों-रात बदलाव दिखेगा.
'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत बोलते हुए अभिजीत दीपके ने मंत्रियों और जन प्रतिनिधियों को भी सलाह दी कि वे अपने बच्चों को कम से कम एक दिन के लिए गाँव के स्कूलों में भेजें और उन्हें पैदल चलाकर देखें, ताकि उन्हें ग्रामीण विद्यार्थियों की समस्याओं का व्यावहारिक अहसास हो सके.
उन्होंने ज़िला परिषद के एक स्कूल में नशे में धुत मिले प्रधानाध्यापक का मुद्दा उठाते हुए दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई की माँग की.
दीपके ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ग्रामीण शिक्षा और सड़कों की स्थिति में सुधार कर दे, तो उनके पास चुनाव लड़ने का कोई मुद्दा ही नहीं बचेगा. उनका यह अभियान सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि गरीब और जनजातीय वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व सुविधा दिलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.