भारत में बचपन की मोटापे की समस्या विकराल, 4.1 Cr बच्चे 'High BMI' की श्रेणी में
नई दिल्ली । डेस्क: विश्व मोटापा दिवस के अवसर पर जारी 'वर्ल्ड ओबेसिटी एटलस 2026' की रिपोर्ट ने भारत में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर पेश की है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब चीन के बाद दुनिया का दूसरा ऐसा देश बन गया है जहाँ सबसे अधिक संख्या में बच्चे अधिक वजन और मोटापे के साथ रह रहे हैं.
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 5 से 19 वर्ष की आयु के लगभग 4.1 करोड़ बच्चों का बीएमआई (BMI) निर्धारित मानक से अधिक पाया गया है, जिनमें से 1.4 करोड़ बच्चे गंभीर रूप से मोटापे का शिकार हैं.
वर्ल्ड ओबेसिटी फेडरेशन द्वारा जारी इस रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि बचपन में बढ़ता यह मोटापा भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा कर सकता है.
अनुमान है कि 2040 तक भारत में उच्च बीएमआई के कारण बच्चों में हाइपरटेंशन, हाइपरग्लेसेमिया और लिवर से जुड़ी बीमारियाँ (MASLD) तेजी से बढ़ेंगी.
रिपोर्ट में इन आंकड़ों के पीछे कई निवारक कारकों की पहचान की गई है, जिनमें शारीरिक गतिविधियों में कमी, स्तनपान की कमी और मीठे पेय पदार्थों का बढ़ता सेवन शामिल है.
आँकड़े बताते हैं कि 11 से 17 वर्ष के 74% किशोर शारीरिक सक्रियता के मानकों को पूरा नहीं करते हैं. इस वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती को देखते हुए विशेषज्ञों ने सरकार से चीनी युक्त पेय पदार्थों पर कर लगाने, बच्चों के लिए विज्ञापनों पर नियंत्रण और प्राथमिक स्वास्थ्य प्रणालियों में सुधार जैसे कड़े कदम उठाने का आग्रह किया है.