बाड़ी में करंट से बच्चे की मौत, आरोपी को 10 साल की जेल
पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पेण्ड्रारोड में अदालत ने एक बेहद गंभीर मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल की कोर्ट ने खेत की रखवाली के लिए गैर-कानूनी ढंग से बिजली का करंट वाला तार लगाने वाले आरोपी स्वरूप सिंह धुर्वे को दोषी करार दिया है. अदालत ने आरोपी की लापरवाही और खतरनाक कृत्य को 'गैर-इरादतन हत्या' की श्रेणी में मानते हुए उसे 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है.
इसके साथ ही दोषी पर 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है, जिसे अदा न करने की स्थिति में उसे 3 महीने की अतिरिक्त सख्त जेल काटनी होगी.
यह पूरा मामला मरवाही इलाके के करगीकला नदिया टोला का है, जहां 28 अगस्त 2025 की दोपहर को एक मासूम बच्चे की जान चली गई थी.
मृतक गीतराम सारथी अपने दोस्तों के साथ गणेश पंडाल के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक आरोपी स्वरूप सिंह धुर्वे की बाड़ी के पास पहुंच गया, जहां सुरक्षा के नाम पर अवैध रूप से मौत का जाल बिछाया गया था.
खुले तारों में दौड़ रहे तेज करंट की चपेट में आने से मासूम बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था.
जांच और अदालती कार्यवाही के दौरान यह बात पूरी तरह साबित हुई कि आरोपी ने बिना किसी विभागीय अनुमति के अपने घर से बिजली का कनेक्शन खींचकर पूरे खेत और बाड़ी को करंट वाले तारों से घेर दिया था. वह अच्छी तरह जानता था कि खुले तारों में सीधे बिजली प्रवाहित करने से किसी भी इंसान या मवेशी की जान जा सकती है, फिर भी उसने इतनी बड़ी लापरवाही बरती.
सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष ने कोर्ट से रहम की गुहार लगाते हुए दलील दी थी कि यह उसका पहला अपराध है, इसलिए सजा में नरमी बरती जाए.
हालांकि, अतिरिक्त लोक अभियोजक कौशल सिंह ने अभियोजन पक्ष की ओर से कड़ा रुख अपनाते हुए मामले को बेहद संवेदनशील बताया और सख्त से सख्त सजा की मांग की.
अदालत ने आरोपी की दलीलों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि एक बच्चे की जान लेने वाले इस कृत्य को कतई हल्के में नहीं लिया जा सकता. इसके बाद कोर्ट ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 105 (भाग-2) के तहत दोषी पाते हुए जेल भेज दिया.