छत्तीसगढ़: मुलमुला में महिला की सड़क हादसे में मौत
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना अंतर्गत बनाहिल मोड़ पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की जान चली गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतका की पहचान नरियरा निवासी सलमा धृतलहरे के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग की टीम ने सुबह सलमा के पति को हिरासत में लिया था, जिसके बाद वह जरूरी दस्तावेज और राशि लेकर जांजगीर की ओर जा रही थी.
दोपहर करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सलमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं घायल गोलू टंडन को बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है.
हादसे से भड़के स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे पामगढ़-अकलतरा मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा.
प्रदर्शनकारियों ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच और पीड़ित परिवार के लिए सरकारी नौकरी व उचित मुआवजे की मांग की.
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने समझाइश दी, जिसके बाद आरोपी चालक की ओर से 50 हजार रुपये और शासन की तरफ से 25 हजार रुपये की तत्कालिक सहायता राशि की घोषणा पर शाम 6 बजे जाम समाप्त हुआ.
इस दुर्घटना ने एक बार फिर बनाहिल-अकलतरा मार्ग की जर्जर स्थिति और संकरी सड़क पर भारी वाहनों के दबाव को उजागर कर दिया है, जिसे लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है.