छत्तीसगढ़: दुर्ग के मैत्री बाग में सफेद बाघिन 'जया' की मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित मैत्री बाग चिड़ियाघर में सोमवार को एक सफेद बाघिन की मौत हो गई. वन्यजीव पार्क के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
अधिकारी ने बताया कि लगभग 12 वर्ष की बाघिन, जिसका नाम जया था, की स्वास्थ्य स्थिति अचानक बिगड़ी और सुबह उसने दम तोड़ दिया.
वरिष्ठ वन अधिकारियों की उपस्थिति में पशु चिकित्सकों और वन्यजीव विशेषज्ञों की एक टीम ने बाघिन का पोस्टमार्टम किया. अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में जंगली जानवर की मौत का कारण गैस्ट्रिक डाइलटेशन वॉल्वुलस (GDV) होने का संदेह है.
गौरतलब है कि गैस्ट्रिक डाइलटेशन वॉल्वुलस (GDV) एक जानलेवा स्वास्थ्य समस्या है जिसमें पेट हवा, तरल पदार्थ या भोजन से भर जाता है, और फिर मुड़ जाता है. इससे पेट सामान्य रूप से खाली नहीं हो पाता और गैस अंदर ही फंसी रह जाती है.
हालांकि, अधिकारी ने आगे कहा कि बाघिन की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा.
इस बाघिन की मौत के बाद, अब चिड़ियाघर में तीन सफेद बाघ और दो सफेद बाघिन ही शेष बचे हैं.