जब रक्षक बन जाए भक्षक, महिला आरक्षक ने चोरी का सोना हड़पा
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक महिला प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता (उर्फ मोनिका सोनी) को चोरी के माल को खुर्द-बुर्द करने और गबन के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
यह पूरा मामला साल 2022 में सिंधिया नगर की निवासी सोनल द्विवेदी के घर हुई चोरी से जुड़ा है. उस वक्त अज्ञात चोर ने करीब 79 ग्राम सोने के जेवरात और नकदी पार कर दी थी. तत्कालीन जांच अधिकारी मोनिका गुप्ता ने जून 2023 में आरोपी को तो पकड़ लिया और लगभग ढाई लाख रुपये की ज्वेलरी भी बरामद कर ली, लेकिन उन्होंने ईमानदारी दिखाने के बजाय लालच की राह चुन ली.
हैरत की बात यह है कि मोनिका ने उच्च अधिकारियों को गुमराह करते हुए यह रिपोर्ट दी कि बरामद जेवरात थाने के मालखाने में सुरक्षित हैं, जबकि असलियत में उन्होंने उन गहनों को सरकारी रिकॉर्ड में जमा करने के बजाय अपने पास ही रख लिया था.
जब विभाग को इस धोखाधड़ी की भनक लगी और आंतरिक जांच शुरू हुई, तो आरक्षक की पोल खुल गई. विभाग द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरणों का जवाब न देने और गहने वापस न लौटाने पर उनके खिलाफ मार्च 2025 में प्राथमिकी दर्ज की गई.
लंबे समय तक फरार रहने के बाद आखिरकार 2 फरवरी 2026 को पुलिस ने उन्हें दबोच लिया. गौरतलब है कि मोनिका गुप्ता का पुराना रिकॉर्ड भी दागदार रहा है. इससे पहले भी उन पर छावनी थाने में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के गंभीर आरोप सिद्ध हो चुके हैं. इस शर्मनाक कृत्य के चलते उन्हें पहले ही सेवा से बर्खास्त किया जा चुका था और अब न्यायालय से जमानत की अर्जी खारिज होने के बाद उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया गया है.