पप्पू यादव के विवादित बयान पर भड़के CM विष्णु देव साय
रायपुर । संवाददाता: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अपने एक बयान के कारण चौतरफा घिर गए हैं. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने उनके बयान की कड़ी निंदा की है.
सीएम साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान पप्पू यादव की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी सोच "अस्वस्थ" और "दोषपूर्ण" है. उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत में महिलाओं को प्राचीन काल से सम्मान दिया जाता रहा है और आज वे हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं.
सांसद पप्पू यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा करते हुए कहा था कि "भारत में महिलाओं को देवी कहा जाता है, लेकिन उन्हें यहाँ कभी सम्मान नहीं मिलेगा. 90% महिलाएँ राजनेताओं के कमरे में प्रवेश किए बिना राजनीति नहीं कर सकतीं."
इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने इसे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली "अत्यंत आपत्तिजनक" भाषा करार दिया है.
इधर, बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए पप्पू यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. आयोग ने उनके बयान को "घृणित" और महिलाओं के आत्म-सम्मान पर हमला बताते हुए तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण माँगा है.
आयोग ने उनसे यह भी पूछा है कि उनके इस अमर्यादित बयान के लिए उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश लोकसभा अध्यक्ष से क्यों न की जाए. आयोग के अनुसार, इस तरह के निराधार सामान्यीकरण से राजनीति में सक्रिय महिलाओं की योग्यता और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुँचता है.