VAT: 40,000 व्यापारियों को राहत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने छोटे व्यापारियों के लिये बड़ी राहत की घोषणा की है. सरकार ने 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित वैट (मूल्य वर्धित कर) बकाया राशि को 25,000 रुपये तक माफ करने का फैसला किया है.
इस कदम से 40,000 से अधिक व्यापारियों को लाभ होने की उम्मीद है और 62,000 से अधिक मामलों में मुकदमेबाजी कम होगी.
शनिवार को अधिकारियों ने बताया कि इस निर्णय के साथ-साथ, राज्य में व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने के लिये जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) प्रावधानों में भी कई संशोधन किये जायेंगे.
ये संशोधन विशेष रूप से विशेष आर्थिक क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा देने, अनुपालन को आसान बनाने और मुकदमेबाजी को कम करने के उद्देश्य से किये जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में छत्तीसगढ़ माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2025 और छत्तीसगढ़ बकाया कर, ब्याज और जुर्माना निपटान (संशोधन) विधेयक 2025 के मसौदे को मंजूरी दी गई है.