छत्तीसगढ़: जबरन सफाई करवाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई- सीएम साय
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में हाथ से मैला ढोने (मैनुअल स्केवेंजिंग) की प्रथा को लेकर सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो भी व्यक्ति किसी से जबरन या दबावपूर्वक ऐसा काम करवाएगा, उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
विधानसभा में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवरेज और सेप्टिक टैंक की सफाई अब केवल नगर निगम या पंजीकृत संस्थाओं के माध्यम से ही करवाई जाए. उन्होंने जोर दिया कि सफाई के दौरान सुरक्षा के सभी नियमों का पालन होना चाहिए ताकि किसी की जान को खतरा न हो.
हाल ही में एक निजी अस्पताल में टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की मौत पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं.
बैठक में बताया गया कि कानून के अनुसार जबरन हाथ से मैला साफ करवाने पर एक साल की जेल या 50 हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है.
अच्छी बात यह है कि राज्य के सभी जिलों को 'मैनुअल स्केवेंजर्स मुक्त' घोषित किया जा चुका है, जो प्रदेश के लिए सम्मान की बात है.
सरकार का लक्ष्य है कि समाज के हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले और मशीनों के जरिए ही सफाई व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए.