छत्तीसगढ़: PG मेडिकल और डेंटल छात्रों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में अध्ययनरत स्नातकोत्तर (PG) मेडिकल और डेंटल रेजिडेंट डॉक्टरों को बड़ा तोहफा दिया है. शासन ने अक्टूबर माह से उनके मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का आदेश जारी किया है.
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय के प्रस्ताव पर मोहर लगाते हुए राज्य सरकार ने 26 सितंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके तहत नई दरें 1 अक्टूबर से प्रभावी होंगी.
इस संशोधन के बाद PG मेडिकल छात्रों के मासिक स्टाइपेंड में 26% की वृद्धि हुई है. अब प्रथम वर्ष के छात्रों को ₹67,500 के बजाय ₹85,050, द्वितीय वर्ष के छात्रों को ₹71,450 की जगह ₹90,027 और तृतीय वर्ष के छात्रों को ₹74,600 के बदले ₹93,996 प्रति माह दिए जाएंगे.
वहीं PG डेंटल रेजिडेंट्स के स्टाइपेंड में लगभग 59% का बड़ा उछाल आया है. इसके तहत प्रथम वर्ष के डेंटल छात्रों को अब ₹53,500 की जगह ₹85,050, द्वितीय वर्ष के छात्रों को ₹56,700 के स्थान पर ₹90,027 और तृतीय वर्ष के छात्रों को ₹59,200 के बजाय ₹93,996 मिलेंगे. राज्य के सभी पात्र रेजिडेंट डॉक्टरों को 1 अक्टूबर से इस संशोधित स्टाइपेंड संरचना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा.