छत्तीसगढ़: मॉय थाई चैंपियनशिप में 35 पदक जीते
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ ने हरियाणा के रोहतक में आयोजित छठी राष्ट्रीय मॉय थाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 35 पदक अपने नाम किये. 9 से 14 जून तक चले इस प्रतियोगिता में राज्य के खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 16 रजत और 14 कांस्य पदक हासिल किये.
स्वर्ण पदक विजेताओं में बस्तर की आरवी, रायपुर की भार्गवी उइके और प्रवीण कृष्ण जायसवाल, बस्तर के युवराज, और दंतेवाड़ा की टिकेश्वरी साहू शामिल हैं. यह चैंपियनशिप हरियाणा स्पोर्ट्स मॉय थाई एसोसिएशन द्वारा यूनाइटेड मॉय थाई एसोसिएशन इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें 29 राज्यों के लगभग 1,150 खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुये.
प्रतियोगिता के अंतिम दिन रायपुर की भार्गवी ने राजस्थान की खिलाड़ी को हराकर छत्तीसगढ़ के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता. वहीं, प्रवीण ने असम के खिलाड़ी को मात देकर तीसरा स्वर्ण हासिल किया.
बस्तर के जगदलपुर से आये युवराज ने बिहार के प्रतिद्वंद्वी को नॉकआउट कर चौथा स्वर्ण पदक जीता. इस जीत के साथ वे छह बार के राष्ट्रीय चैंपियन बन गये. उन्होंने वाई क्रू इवेंट में कांस्य पदक भी जीता, जिससे उनकी दोहरी सफलता रही.
छत्तीसगढ़ का पांचवां स्वर्ण पदक दंतेवाड़ा स्पोर्ट्स विभाग में कोच के रूप में कार्यरत टिकेश्वरी साहू ने वाई क्रू इवेंट में मेघालय की खिलाड़ी को हराकर जीता. गौरतलब है कि टिकेश्वरी ने हाल ही में 23 मई से 1 जून तक तुर्की में आयोजित विश्व मॉय थाई चैंपियनशिप में भारत के लिये कांस्य पदक जीता था.
छत्तीसगढ़ के 16 खिलाड़ियों ने फाइनल में कड़ी टक्कर दी, लेकिन स्वर्ण से चूककर रजत पदक हासिल किये. इसके अलावा, 14 खिलाड़ी सेमीफाइनल तक पहुंचे, जहां उन्होंने कांस्य पदक जीते. इस शानदार प्रदर्शन ने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया.