रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों ने 21 दिनों में 31 नक्सलियों को किया ढेर

C

CG Khabar

27 फ़र. 2026, 05:15 PM 2 मिनट में पढ़ें 12

प्रेस कांफ्रेंस
प्रेस कांफ्रेंस

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तेलंगाना सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ियों पर सुरक्षाबलों ने अब तक के सबसे बड़े और ऐतिहासिक एंटी-नक्सल ऑपरेशन को अंजाम दिया है. लगभग 21 दिनों तक चले इस सघन अभियान में कुल 31 माओवादी मारे गए हैं, जिनमें 16 महिला नक्सली भी शामिल हैं. 


बीजापुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीआरपीएफ महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ डीजीपी अरुण देव गौतम और बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि 21 अप्रैल से शुरू होकर इस महीने की 11 तारीख तक चले इस ऑपरेशन के दौरान कुल 21 मुठभेड़ हुईं. 

विज्ञापन


सुरक्षाबलों ने मौके से एसएलआर और सेमी-ऑटोमेटिक हथियारों सहित कुल 35 हथियार, 450 आईईडी और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है. 


इसके अलावा, नक्सलियों के 214 बंकरों और ठिकानों को ध्वस्त कर वहां से लगभग 12,000 किलोग्राम राशन भी जब्त किया गया है. मारे गए नक्सलियों में से 28 की पहचान हो चुकी है, जिन पर सामूहिक रूप से 1 करोड़ 72 लाख रुपये का इनाम घोषित था.


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस अभियान को मार्च 2026 तक भारत को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प की दिशा में एक "ऐतिहासिक सफलता" करार दिया है. उन्होंने बताया कि कर्रेगुट्टा पहाड़ियाँ नक्सलियों के 'यूनिफाइड हेडक्वार्टर' के रूप में काम करती थीं, जो न केवल उनका प्रशिक्षण केंद्र था, बल्कि रणनीति बनाने और हथियार निर्माण का मुख्य अड्डा भी था. 


गृह मंत्री ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और भीषण गर्मी के बावजूद सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी के जवानों द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस की सराहना करते हुए दोहराया कि सरकार नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP