छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ दूसरे चरण का अभियान शुरू
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर और राजनांदगांव संभाग में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अपने अभियान को एक नए और निर्णायक मोड़ पर पहुंचा दिया है. राज्य में नक्सलियों की कमर तोड़ने के बाद अब सुरक्षा बलों ने ‘ऑपरेशन के दूसरे चरण’ का आगाज किया है. इस बार सुरक्षा बलों का प्राथमिक लक्ष्य नक्सलियों की गिरफ्तारी या मुठभेड़ मात्र नहीं है, बल्कि जंगलों की गहराई में छिपाकर रखे गए घातक हथियारों, भारी मात्रा में विस्फोटक (IED) और डंप किए गए कैश को बरामद करना है.
पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में नक्सलियों के आत्मसमर्पण और गिरफ्तारी के बाद मिली खुफिया जानकारियों के आधार पर यह गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर जैसे अति-संवेदनशील जिलों में एरिया डोमिनेशन और कॉम्बिंग ऑपरेशनों को और तेज कर दिया गया है. इसके साथ ही महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ (MMC) जोन से जुड़े मोहला-मानपुर, खैरागढ़, राजनांदगांव और कबीरधाम के सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा बल चप्पे-चप्पे की खाक छान रहे हैं.
बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज के अनुसार, पिछले दो दशकों में बस्तर ने आईईडी के रूप में एक भयानक खतरे का सामना किया है. आंकड़ों के मुताबिक, साल 2001 से मार्च 2026 के बीच इस क्षेत्र में 1,200 से अधिक आईईडी विस्फोट हुए हैं, जिनमें सुरक्षा बलों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बेगुनाह ग्रामीणों ने भी अपनी जान गंवाई है.
हालांकि, अब आधुनिक तकनीक, बम निरोधक दस्तों की मुस्तैदी और विशिष्ट प्रशिक्षण की बदौलत इन विस्फोटकों को फटने से पहले ही निष्क्रिय करने की क्षमता में काफी सुधार हुआ है.
इस पूरे अभियान में सबसे बड़ी चुनौती उन ठिकानों का सटीक पता लगाना है जहां नक्सलियों ने रसद और गोला-बारूद गाड़ रखा है. पुलिस प्रशासन उन नक्सलियों से पूछताछ कर रहा है जिन्होंने हाल ही में आत्मसमर्पण किया है.
हालांकि, जांच में यह बात सामने आई है कि कई पूर्व नक्सली लंबे समय के अंतराल के कारण सटीक स्थानों को भूल चुके हैं, या फिर वे जानकारियां उन बड़े नेताओं के साथ ही खत्म हो गईं जो मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं.
राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव ने स्पष्ट किया कि पहले चरण में नक्सलियों को मुख्यधारा में वापस लाने पर ध्यान केंद्रित किया गया था, लेकिन अब प्राथमिकता उनके द्वारा छिपाए गए घातक सामान को जब्त करना है ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी इस स्थिति पर कड़ी नजर रखते हुए चेतावनी दी है कि निचले स्तर के कैडर अभी भी नए आईईडी लगाने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए सर्च ऑपरेशन में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि एमएमसी जोन में कुछ इनामी नक्सलियों से पूछताछ जारी है, हालांकि वे अब भी पूरी जानकारी देने में हिचकिचा रहे हैं.
इसके बावजूद, सुरक्षा बल दुर्गम इलाकों में तैनात हैं और यह स्पष्ट कर दिया गया है कि जब तक जंगल पूरी तरह से ‘सुरक्षित’ नहीं हो जाते और विकास कार्यों के लिए रास्ता साफ नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान कई महीनों तक जारी रहेगा.
इस ठोस रणनीति का उद्देश्य न केवल नक्सलवाद को जड़ से खत्म करना है, बल्कि बस्तर और राजनांदगांव के सुदूर क्षेत्रों के निवासियों को एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है.