सरायपाली: सोलर प्लांट के विरोध में MLA और ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी
महासमुंद । डेस्क: महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम जंगलबेड़ा में प्रस्तावित गोदावरी सोलर प्लांट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. परियोजना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने अब सीधे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इस आंदोलन को धार देने के लिए क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक चातुरी नंद भी मैदान में उतर आई हैं.
शुक्रवार शाम 4 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन पूरी रात जारी रहा, जहाँ विधायक और सैकड़ों ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर ही रात बिताई.
आंदोलनकारियों का रुख बेहद सख्त है और प्रशासन के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद उन्होंने कार्यालय परिसर में ही डेरा डाल दिया. ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में स्थापित होने वाले इस प्लांट के लिए नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि न तो इस परियोजना के लिए ग्राम पंचायत से अनिवार्य प्रस्ताव लिया गया है और न ही स्थानीय लोगों को विश्वास में लिया गया है.
इसके साथ ही ग्रामीणों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सोलर पैनल लगाने के नाम पर क्षेत्र के सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों की अवैध रूप से कटाई कर दी गई है. आदिवासियों की भूमि को अनुचित तरीके से अधिग्रहित करने की कोशिशों ने आग में घी डालने का काम किया है.
ग्रामीणों की मांग है कि जब तक इस परियोजना पर रोक नहीं लगती और भूमि संबंधी विवादों का निपटारा नहीं होता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. फिलहाल, क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण धरना समाप्त होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं.