सक्ती: नाले में बहे युवक का शव मिला
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती के मालखरौदा में 36 घंटे पहले नाले में बहे युवक की लाश मिली है. बताया जा रहा है कि बारात से लौटते वक्त युवक नाले में बह गया था. हादसा 7 जुलाई की रात को हुआ था.
मिली जानकारी के अनुसार, मालखरौद थाना क्षेत्र के ग्राम अंडा निवासी सुखचंद वारम पिता याद राम (41 वर्ष) अपने दो दोस्तों के साथ बिलाईगढ़, सारंगढ़ बारात में गया हुआ था. लौटते समय, रात करीब 9 बजे रास्ते में पड़ने वाले बगान नाला के पुल पर लगभग 2 फीट ऊंचाई में तेज पानी बह रहा था.
इसके बावजूद सुखचंद टॉर्च लेकर पुल पार करने की कोशिश करने लगा, लेकिन तेज बहाव के कारण वह नाले में बह गया.
साथ में गये दोस्त तुलेश्वर चंद्रआ तथा फिरत सोनवानी ने देखा कि सुखचंद पुल पर नहीं दिख रहा है. तब उन्होंने परिजनों तथा ग्राम सरपंच के खबर दी.
8 जुलाई को एसडीआरफ की टीम ने रेसक्यू ऑपरेशन शुरू किया लेकिन सुखचंद की कोई खबर नहीं मिली. अगले दिन 9 जुलाई को 36 घंटे बाद जाकर सुखचंद का शव मिला.