बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

सड़क दुर्घटना पर अब मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज

C

CG Khabar

21 फ़र. 2026, 12:36 AM 3 मिनट में पढ़ें 10

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

रायपुर । संवाददाता: केंद्र सरकार ने सड़क हादसों में घायल होने वाले लोगों को समय पर उपचार मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा 13 फरवरी 2026 को 'पीएम-राहत' (PM-RAHAT) योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया. पूर्व में 'CTRAV' के नाम से पहचानी जाने वाली इस योजना के तहत अब किसी भी श्रेणी की सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होने वाले पात्र व्यक्ति को हादसे की तारीख से अगले 7 दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार प्रदान किया जाएगा.


सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, समय पर अस्पताल न पहुँच पाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 50% मौतें होती हैं. इस योजना का मुख्य उद्देश्य 'गोल्डन आवर' यानी दुर्घटना के ठीक बाद वाले कीमती समय में घायल को त्वरित और नि:शुल्क चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करना है, ताकि जीवन बचाया जा सके.

विज्ञापन


योजना को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए इसे मंत्रालय के 'eDAR' प्लेटफॉर्म और नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के 'TMS 2.0' तंत्र से जोड़ा गया है. 


इससे दुर्घटना की रिपोर्टिंग से लेकर क्लेम के निपटान तक की प्रक्रिया बेहद तेज होगी. अस्पतालों को उपचार का भुगतान 'मोटर व्हीकल एक्सीडेंट फंड' (MVAF) के माध्यम से किया जाएगा और स्वीकृत दावों की राशि 10 दिनों के भीतर अस्पताल को भेज दी जाएगी. यह पहल सुनिश्चित करती है कि धन के अभाव में किसी भी दुर्घटना पीड़ित का इलाज न रुके.


भारत सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम राहत योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ में तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं. परिवहन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले व्यक्तियों को तत्काल सहायता पहुँचाने के लिए कार्ययोजना तैयार की है.


इसी कड़ी में परिवहन सचिव एस. प्रकाश ने शुक्रवार प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और डायल 112 के अधिकारियों की एक वर्चुअल बैठक ली. बैठक का मुख्य उद्देश्य योजना के जमीनी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था.


योजना की मुख्य बातें और निर्देश

कैशलेस उपचार: सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को 7 दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपए तक का निःशुल्क (कैशलेस) उपचार तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा.


अस्पतालों का विस्तार: परिवहन मंत्री के अनुसार, प्रदेश के लगभग 1000 अधिकृत अस्पतालों के साथ-साथ अन्य सक्षम अस्पतालों को भी इस योजना से जोड़ा जा रहा है.


त्वरित भुगतान: अस्पतालों को उपचार के बदले किए जाने वाले भुगतान में देरी न हो, इसके लिए 10 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.


'गोल्डन ऑवर' पर विशेष जोर

बैठक के दौरान सचिव एस. प्रकाश ने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि दुर्घटना होती है, तो घायल को 'गोल्डन ऑवर' (दुर्घटना के बाद का पहला घंटा) में त्वरित उपचार मिलना चाहिए. योजना का मूल उद्देश्य इसी महत्वपूर्ण समय में चिकित्सा सहायता देकर कीमती जानों को बचाना है.


प्रशिक्षण और सहभागिता

बैठक में एनआईसी के राज्य अधिकारी अरविंद यादव और अमित देवांगन ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और वीडियो के माध्यम से पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और डायल 112 की भूमिकाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला.


इस वर्चुअल मीटिंग में बस्तर और मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी समेत सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी शामिल हुए. कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त मनोज कुमार ध्रुव और सड़क सुरक्षा लीड एजेंसी से दिनेश टांक भी उपस्थित रहे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP