छत्तीसगढ़ सड़क हादसा: एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 3 घायल
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पीड़ित परिवार चाम्पा-फरसवानी मार्ग पर एक शादी समारोह से लौट रहा था.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तड़के करीब 2 बजे चाम्पा-फरसवानी रोड पर एक टोल प्लाजा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी. मृतक परिवार पड़ोसी कोरबा जिले के निहारिका क्षेत्र का रहने वाला था, जो एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने चाम्पा आया था.
इस भीषण टक्कर में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और ढाई साल के मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए चाम्पा के अस्पताल में भर्ती कराया.
घायलों में से एक की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि दो अन्य की स्थिति स्थिर है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.