छत्तीसगढ़: 8,585 करोड़ की राजस्व वसूली अटकी- कैग रिपोर्ट
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा में पेश की गई वर्ष 2026 की पहली नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) रिपोर्ट ने राज्य सरकार की वित्तीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य सरकार को वित्त वर्ष 2022-23 के लिए कुल 8,585 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली करनी अभी बाकी है.
चौंकाने वाली बात यह है कि इस राशि में से 4,371.92 करोड़ रुपये पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से खनन, आबकारी, परिवहन और बिजली जैसे महत्वपूर्ण विभागों में लंबित हैं.
कुल लंबित वसूली में सबसे बड़ा हिस्सा बिजली शुल्क (4,545 करोड़ रुपये) और बिक्री एवं व्यापार कर (3,837.89 करोड़ रुपये) का है.
सरकार ने इन मामलों में अदालती कार्यवाही और 'स्टे ऑर्डर' का हवाला दिया है, जबकि 418.56 करोड़ रुपये की वसूली सिर्फ इसलिए रुकी हुई है क्योंकि विभाग के पास बकायेदारों की संपत्ति का विवरण ही उपलब्ध नहीं है.
कैग ने सरकारी विभागों की कार्यशैली पर भी सख्त टिप्पणी की है.
रिपोर्ट के अनुसार, वन, लोक निर्माण, भू-राजस्व और जल संसाधन जैसे विभागों ने ऑडिट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
अप्रैल 2024 तक, लोक लेखा समिति की 75 सिफारिशों पर 'कार्रवाई रिपोर्ट' (ATN) जमा नहीं की गई थी, जिनमें से कुछ सिफारिशें तो साल 1998-99 जितनी पुरानी हैं.
इसके अलावा, हजारों ऑडिट पैराग्राफ और निरीक्षण रिपोर्ट वर्षों से लंबित हैं.
कैग ने चेतावनी दी है कि ऑडिट टिप्पणियों पर कार्रवाई न करना वित्तीय अनियमितताओं को बढ़ावा देने और सरकारी खजाने को नुकसान पहुँचाने जैसा है.
रिपोर्ट में जीएसटी प्रणाली में भी बड़ी खामियां उजागर की गई हैं, जहां रद्द किए जा चुके करदाताओं द्वारा ई-वे बिल जनरेट करने और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के दावों में गड़बड़ी के कारण करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है.