छत्तीसगढ़ जल संरक्षण में दूसरे स्थान पर, रायपुर नगर निगम टॉप पर
नई दिल्ली । डेस्क: जल शक्ति मंत्रालय ने को जल संचय जन भागीदारी पहल के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों की घोषणा की है. जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने बताया कि तेलंगाना 5.2 लाख जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि छत्तीसगढ़ 4.05 लाख परियोजनाओं को पूरा कर दूसरे स्थान पर आया. इसके बाद राजस्थान ने तीसरा स्थान हासिल किया.
इस वर्ष के पुरस्कारों की घोषणा "जल शक्ति अभियान: कैच द रेन" अभियान के तहत की गई है, जिन्हें 18 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार में प्रदान किया जाएगा.
JSJB पहल सितंबर 2024 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य सामुदायिक नेतृत्व में जल संरक्षण को बढ़ावा देना है.
पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ ने ज़ोनल स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया. पूर्वी क्षेत्र में, छत्तीसगढ़ के बालोद जिले ने 92,742 संरचनाओं के साथ पहला स्थान हासिल किया, जिसके बाद राजनांदगांव और रायपुर रहे.
इसके अलावा, रायपुर नगर निगम ने 33,082 कार्य पूरे करके राष्ट्रीय नगर निगमों की सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त किया. निगम को ₹2 करोड़ का नकद पुरस्कार मिलेगा. उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, और मध्य प्रदेश के जिलों ने भी अपने-अपने ज़ोन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.