रामानुजगंज: कमर्शियल गैस की किल्लत से थमी होटलों की रफ्तार
बलरामपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर में पिछले कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत ने स्थानीय व्यापार जगत की कमर तोड़ दी है. आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराने के कारण नगर के छोटे होटल संचालकों और ठेला व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है.
स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि गैस उपलब्ध न होने के कारण कई दुकानदारों को विवश होकर अपने प्रतिष्ठानों में ताले लटकाने पड़े हैं, जिससे उनके दैनिक आय का जरिया पूरी तरह बंद हो गया है.
इस अभाव के बीच अब शहर में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां आधुनिक ईंधन की कमी ने लोगों को फिर से पुराने दौर की ओर धकेल दिया है. जो व्यवसायी अब तक गैस चूल्हों पर निर्भर थे, वे अब अपनी दुकानों का संचालन करने के लिए लकड़ी, कोयले और मिट्टी के चूल्हों का सहारा ले रहे हैं.
बाजार में लोहे के चूल्हों की मांग में भी अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है, जिससे यह साफ है कि लोग मजबूरी में ही सही लेकिन पारंपरिक संसाधनों की ओर तेजी से लौट रहे हैं.
यदि समय रहते वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो स्थानीय अर्थव्यवस्था पर इसके गंभीर परिणाम देखने को मिल सकते हैं. फिलहाल रामानुजगंज का व्यापारी वर्ग इस वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए किसी तरह अपने काम को पटरी पर लाने की जद्दोजहद में जुटा हुआ है.