नक्सलियों का विस्फोटक सप्लायर गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो नक्सलियों को अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंचाने का काम करता था. पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है, जिससे क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है.
पुलिस ने 27 वर्षीय प्रकाश सोनी को नारायणपुर के कुतुल रोड इलाके से हिरासत में लिया. वह बखारूपारा का रहने वाला है. उसके कब्जे से एक स्कूटर बरामद हुआ, जिसमें 3 मीटर कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक केबल, एक वॉकी-टॉकी, 20 राउंड गोला-बारूद और तीन डेटोनेटर मिले.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सोनी ने कबूल किया कि वह पिछले पांच साल से नक्सलियों को हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति कर रहा था. उसने बताया कि वह गुप्त रास्तों के जरिये ये सामान जुटाता और नक्सलियों तक पहुंचाता था. पुलिस के मुताबिक, सोनी शहरी क्षेत्रों में सक्रिय उन सहायकों के नेटवर्क का हिस्सा था, जो नक्सली गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद करते हैं.
पुलिस को यह भी पता चला कि सोनी के पास ऐसी सामग्री थी, जिसका इस्तेमाल नक्सली प्रायः आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने में करते हैं. अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है, जिसमें कई अन्य राज्यों से जुड़े तार सामने आ रहे हैं.
इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की है. सूत्रों के अनुसार, ये लोग नक्सलियों के लिये अवैध हथियार और विस्फोटक जुटाने और बांटने में शामिल हैं, जो इस क्षेत्र में चल रही उग्रवादी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं.
पुलिस अब नक्सलियों की इस आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाने की योजना बना रही है. खास तौर पर उन नेटवर्कों पर नजर रखी जा रही है, जो राज्य की सीमाओं से परे फैले हुये हैं. इस कार्रवाई से नक्सलियों के खिलाफ चल रही लड़ाई में एक महत्वपूर्ण सफलता मिलने की उम्मीद है.