छत्तीसगढ़: रायपुर हत्याकांड में फ्लिपकार्ट पर FIR
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की लापरवाही को उजागर किया है. मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में 17 जुलाई को तड़के 3 बजे एक पेट्रोल पंप पर लूटपाट के दौरान हुई हत्या में इस्तेमाल चाकू फ्लिपकार्ट के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर किया गया था.
इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने फ्लिपकार्ट और इसके डिलीवरी पार्टनर इलास्टिक रन कूरियर के खिलाफ FIR दर्ज की है.
पुलिस के अनुसार, इस घटना में दो युवकों, समीर टंडन (21) और कुणाल तिवारी (24) को गिरफ्तार किया गया है. इन दोनों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी योगेश मिरी (26) की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य कर्मचारी अनिल गायकवाड़ (22) घायल हो गया.
जांच में पता चला कि हत्या में इस्तेमाल चाकू फ्लिपकार्ट से ऑर्डर किया गया था, और आरोपियों ने दो अन्य चाकुओं का भी ऑर्डर दिया था, जो डिलीवरी के रास्ते में थे.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि कुणाल तिवारी के मोबाइल की जांच से ऑनलाइन ऑर्डर की पुष्टि हुई. आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने इस चाकू का उपयोग लूटपाट के दौरान किया, जो बाद में हत्या में बदल गया.
पुलिस ने फ्लिपकार्ट और इलास्टिक रन कूरियर से जुड़े छह लोगों, जिनमें मैनेजर, डिलीवरी कर्मचारी और लॉजिस्टिक्स समन्वयक शामिल हैं, को गिरफ्तार किया है.
यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब पता चला कि रायपुर पुलिस ने पहले ही फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों को खतरनाक हथियारों की डिलीवरी न करने की लिखित चेतावनी दी थी.
इसके बावजूद इन निर्देशों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(बी), 3(5) और संबंधित शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की है.
रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने इस मामले में सख्ती बरतते हुये जांच के लिए विशेष टीमें गठित की हैं, जिसमें एंटी-क्राइम एंड साइबर यूनिट भी शामिल है.
पुलिस का कहना है कि डिलीवरी चेन से जुड़े अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है, और आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. यह घटना ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर खतरनाक वस्तुओं की बिक्री और डिलीवरी पर सवाल खड़े करती है.