रायपुर: सेप्टिक टैंक हादसे में ठेकेदार पर गैर-इरादतन हत्या का केस
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाई कर्मचारियों की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (धारा 105, बीएनएस) का मामला दर्ज किया है. इस घटना में प्रशांत कुमार (32), अनमोल मचकान (25) और गोविंद सेंद्रे (35) की जान चली गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने गुरुवार को पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और रात के समय सफाई कार्य कराने पर सवाल उठाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निगम को सूचित किए बिना और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर यह कार्य कराया गया है, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
वहीं, राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए एक महीने के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदेश में मैनुअल स्कैवेंजिंग (हाथ से मैला ढोने) पर लगे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल पुलिस अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन्होंने काम को किसी तीसरे पक्ष (आउटसोर्स) को देने की बात कही है.