रायपुर: स्वास्थ्य मंत्री ने किया डीकेएस अस्पताल का सरप्राइज चेकिंग
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर के डीकेएस अस्पताल का बुधवार सुबह 7 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया. जिससे अस्पताल के कर्मचारी तथा चिकित्सक भौच्चके रह गये. उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों तथा महिला मरीज से बातचीत करके व्यवस्था के बारे में जानकारी ली.
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती बच्चों और महिला मरीजों से आत्मीयता से बात कर उनके हालचाल जाना और इलाज संबंधी जानकारी ली. उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी चर्चा की और उनकी समस्यायें सुनीं.
निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवा वितरण, चिकित्सकीय जांच, ऑपरेशन थियेटर, वार्ड व्यवस्था जैसी सुविधाओं का भी जायजा लिया.
इस दौरान उन्होंने डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से संवाद कर मरीजों की देखभाल में और अधिक संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिये.
मंत्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है.
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और सभी कर्मचारियों को मरीजों के हित में समर्पित भाव से कार्य करना चाहिये.
हालांकि अस्पताल में कई मशीनें लंबे समय से बंद हैं और दवाएं भी उपलब्ध नहीं है. मरीजों ने उम्मीद जताई कि मंत्री इस दिशा में भी कुछ कार्यवाही करेंगे.