मंत्री का रिश्तेदार बन नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रसूखदारों से ऊंचे संपर्कों का हवाला देकर ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ एक जालसाज ने खुद को प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम का करीबी रिश्तेदार बताकर चार बेरोजगार युवाओं को मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 22.70 लाख रुपए का चूना लगा दिया.
ठगी की योजना इतनी शातिराना थी कि आरोपियों ने बाकायदा फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर पीड़ितों का भरोसा जीता और किस्तों में लाखों की वसूली की. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कुमार राम ठाकुर, उसकी पत्नी और एक साथी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
घटनाक्रम की शुरुआत अप्रैल 2025 में हुई, जब रायगढ़ निवासी समारू राम टंडन की मुलाकात रायपुर में महासमुंद के भद्ररसी गांव निवासी कुमार राम ठाकुर और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई से हुई. खुद को मंत्री का बहनोई बताने वाले कुमार राम ने दावा किया कि मंत्रालय में उसकी गहरी पैठ है और वह किसी को भी सरकारी पद पर तैनात करवा सकता है.
झांसे में आकर समारू ने अपने बेटे सहित तीन अन्य परिचितों के बायोडाटा और दस्तावेज आरोपियों को सौंप दिए. जालसाज ने प्रति उम्मीदवार लाखों रुपए की मांग की, जिसे पूरा करने के लिए पीड़ितों ने अपनी जमा-पूंजी और कुछ रकम कर्ज लेकर करीब 22 लाख 70 हजार रुपए आरोपियों के खातों और नकद के रूप में सौंप दिए.
धोखाधड़ी को पुख्ता करने के लिए आरोपियों ने दिसंबर 2025 में पीड़ितों को अपने गांव बुलाकर डेटा ऑपरेटर पद के फर्जी जॉइनिंग लेटर भी दिखाए.
हालांकि, जब 12 दिसंबर को जॉइनिंग की बारी आई, तो विधानसभा सत्र का बहाना बनाकर टालमटोल शुरू कर दी गई. बार-बार पूछताछ करने पर जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने असली रंग दिखाते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी.
ठगी का शिकार हुए लोगों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब आरोपियों के बैंक ट्रांजैक्शन और नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके.