रायगढ़: मामूली विवाद में हत्या, दो आरोपियों को उम्रकैद की सजा
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी कर हत्या करने वाले दो आरोपियों को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. यह मामला कोतरारोड थाना क्षेत्र के खैरपुर जमनीपारा का है, जहां जनवरी 2023 में बाइक चलाने के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया था.
द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार ठाकुर की अदालत ने आरोपी कार्तिकराम तुरी (56) और देवव्रत कुमार सिन्हा (29) को दोषी करार देते हुए उम्रकैद और 2-2 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है.
घटना के अनुसार, मृतक छोटनराम और उनकी पत्नी लालती देवी ने कार्तिकराम तुरी से जमीन खरीदकर नया मकान बनवाया था. 26 जनवरी 2023 को गृह प्रवेश तय था, लेकिन उससे दो दिन पहले 24 जनवरी की रात गली की मरम्मत को लेकर विवाद शुरू हो गया.
आरोपी देवव्रत कुमार सिन्हा नई बनी गली में बाइक चला रहा था, जिस पर लालती देवी ने आपत्ति जताई. गाली-गलौज के बाद देवव्रत वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह कार्तिकराम के साथ वापस लौटा और विवाद बढ़ गया.
विवाद के दौरान कार्तिकराम तुरी ने पास रखी सब्जी काटने वाली छुरी से लालती देवी के पेट पर हमला कर दिया. जब पति छोटनराम बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी घातक प्रहार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
गंभीर रूप से घायल लालती देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. कोतरारोड पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था. अब साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायालय ने इस जघन्य अपराध के लिए दोषियों को उम्र भर जेल की सजा सुनाई है.