रायगढ़ में मां ने मासूम बेटे को मारकर फेंका
रायगढ़ में माता बनी 'कुमाता', मासूम को मारकर फेंका
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक माँ ने ही अपने ढाई वर्षीय मासूम बेटे की जान ले ली. यह दर्दनाक घटना कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पारेमेर की है, जहाँ आरोपी महिला सोनमती सरोती मंझवार ने मामूली गुस्से में आकर अपने बेटे अनुज की हत्या कर दी.
पुलिस का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद महिला दो दिनों तक अपने परिवार और पुलिस के सामने अपहरण का नाटक कर उन्हें गुमराह करती रही.
घटनाक्रम के अनुसार, महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके जाने के लिए निकली थी. रास्ते में उसने अपनी बड़ी बेटी को वापस घर भेज दिया और छोटे बेटे के साथ पहाड़ी की चढ़ाई करने लगी.
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पैदल चलते समय जब बच्चा थककर जमीन पर बैठ गया, तो महिला अपना आपा खो बैठी.
उसने बच्चे को जमीन पर पटक दिया और पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद उसने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पास की एक गहरी खाई में फेंक दिया.
मामले का खुलासा तब हुआ जब दो दिनों की खोजबीन के बाद ग्रामीणों को रानीगौवा पहाड़ के पास खून के धब्बे और खाई में बच्चे का शव मिला.
शुरुआत में आरोपी महिला लगातार पुलिस को झूठी कहानियां सुनाती रही, लेकिन कड़ाई से हुई पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर को जब्त कर लिया है और आरोपी माँ को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस वीभत्स कांड ने स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैला दी है.