रायगढ़: बच्चा न होने पर लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ किरोड़ीमल नगर में एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने महिला के ही मंगलसूत्र को हथियार बनाया और उसे मौत के घाट उतार दिया.
कोतरा रोड थाना पुलिस ने आरोपी विकेश बरेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा की रहने वाली 32 वर्षीय धनेश्वरी विश्वकर्मा पिछले चार वर्षों से विकेश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी.
धनेश्वरी पहले से विवाहित थी और उसके तीन बच्चे भी थे, लेकिन पति से अलग होने के बाद वह विकेश के साथ रहने लगी थी.
घटना वाले दिन घर में भोजन बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
आवेश में आकर विकेश ने धनेश्वरी के गले में पहने मंगलसूत्र को पीछे से इतनी जोर से खींचा कि दम घुटने के कारण वह बेहोश हो गई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि यह प्राकृतिक मौत नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या थी.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उनके बीच अक्सर संतान न होने और बीमारी के इलाज पर होने वाले खर्च को लेकर तनाव रहता था. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही पूरी कर ली है.