रायगढ़: धान खरीदी केन्द्र में हाथियों का हमला, खा गए धान
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में हाथियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 4 बजे तीन हाथियों का एक दल खरीदी केंद्र में जा घुसा और वहां रखी धान की बोरियों को अपना निवाला बनाना शुरू कर दिया.
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन जब तक हाथी वापस लौटे, वे 11 बोरी धान चट कर चुके थे.
जिले में धान खरीदी का सीजन समाप्त होने के बावजूद केंद्रों से धान का उठाव पूरी तरह न हो पाना इस समस्या का मुख्य कारण बना हुआ है. खाद्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक हाथी 340 बोरी से अधिक धान को नुकसान पहुंचा चुके हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में 6-7 गुना अधिक है.
जानकारों का कहना है कि पिछले साल हाथियों द्वारा 60 से 80 बोरी का नुकसान होता था, लेकिन इस बार हाथियों के बड़े दल की मौजूदगी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.
वर्तमान में बंगुरसिया क्षेत्र में 31 हाथियों का दल सक्रिय है, जिसने न केवल सरकारी धान बल्कि किसानों की सब्जी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है. केंद्र में अब भी लगभग 1600 क्विंटल धान का उठाव लंबित है.
खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह ने बताया कि श्रमिकों की कमी के कारण उठाव में देरी हो रही है, लेकिन हाथियों के लगातार हमलों को देखते हुए जल्द से जल्द धान को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं.