छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हाथी के बच्चे का शव मिला
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा वन परिक्षेत्र में गुरुवार सुबह हाथी के एक शावक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, चिलकागुड़ा-अंडोडेरा क्षेत्र में 'हाथी मित्र दल' के सदस्यों ने नियमित ट्रैकिंग के दौरान इस शावक के शव को देखा. मृत शावक की उम्र एक महीने से भी कम बताई जा रही है.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लैलूंगा रेंज में पिछले कुछ समय से 13 हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है, जिसमें चार से पांच शावक भी शामिल हैं.
मृत शावक इसी दल का सबसे छोटा सदस्य माना जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक निरीक्षण किया, जिसमें शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं.
लैलूंगा अनुविभाग के एसडीओ एम.एल. सिदार ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा के नमूने बरेली स्थित प्रयोगशाला में भेजे गए हैं.
शुरुआती जांच में संक्रमण की आशंका जताई जा रही है, हालांकि स्पष्ट रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी. फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों के उस दल की निगरानी कर रही है जिसके साथ यह शावक घूम रहा था. Symbolic Photo